18 जुलाई
नेल्सन मंडेला अन्तर्राष्ट्रीय दिवस
नेल्सन मंडेला अन्तर्राष्ट्रीय दिवस प्रति वर्ष 18 जुलाई को संयुक्त राष्ट्र द्वारा शान्ति के लिये नोबल पुरस्कार विजेता पूर्व दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला के जन्म दिवस की यादगार के रूप में मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र ने 2009 में इस दिन को आधिकारिक मान्यता दी ताकि मंडेला के योगदान और उनके मूल्यों को पूरी दुनिया में याद रखा जा सके। इसका निर्णय 18 जुलाई 2010 को, जब मंडेला 92 वर्ष के हुए तब से प्रति वर्ष मनाने के लिये लिया गया था। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष अली ट्रेकी ने बताया कि यह निर्णय एक ऐसे महान व्यक्ति को सम्मानित करने के लिये लिया गया जिसने आम लोगों की भलाई के लिये न सिर्फ़ काम किया अपितु उसकी कीमत भी चुकायी। मंडेला ने अपने जीवन की सबसे ज्यादा उम्र (27 साल) क़ैद में बितायी। क़ैद के दौरान वे अधिकांश समय केप टाउन के किनारे बसे कुख्यात रॉबेन द्वीप बन्दीगृह में रहे। उनके 91वें जन्म दिवस पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा था - "मंडेला संयुक्त राष्ट्र में उच्च आदर्शों के प्रतीक हैं। मंडेला को यह सम्मान शान्ति स्थापना, रंगभेद उन्मूलन, मानवाधिकारों की रक्षा और लैंगिक समानता की स्थापना के लिये किये गये उनके सतत प्रयासों के लिये दिया जा रहा है।"
विश्व श्रवण दिवस
विश्व श्रवण दिवस हर साल 18 जुलाई को मनाया जाता है। यह दिन सुनने की महत्ता और ध्वनि के पर्यावरणीय प्रभाव को समझाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस दिन को विशेष रूप से प्रसिद्ध कनाडाई संगीतकार और ध्वनि पारिस्थितिकी के जनक रेमंड मरे शेफर की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने ध्वनि के संरक्षण और उसके प्रभावों पर गहन अध्ययन किया। 18 जुलाई को कनाडाई मूल के मशहूर संगीतकार और प्रख्यात पर्यावरणविद रेमंड मरे शेफर का जन्मदिन रहता है। उन्होंने स्वयं का सॉउन्डोस्केप प्रोजेक्ट विकसित किया था। जिसके कारण 70 के दशक में ध्वनिक पारिस्थितिकी का प्रचार-प्रसार हुआ और इसके मौलिक विचारों और प्रथाओं को रखा गया जिसके कारण समाज में एक नई जागरूकता विकसित हो सकी। रेमंड मरे का जन्म 1933 में हुआ था और इन्हें ध्वनिक पारिस्थितिकी का संस्थापक माना जाता है। यह दिवस 2010 से मनाना प्रारम्भ हुआ था और तब से निरंतर प्रतिवर्ष मनाया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment